घूमने के शौकीनों के लिए भारत किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां ऊंचे-ऊंचे खूबसूरत पहाड़ से लेकर, शांत समुद्री किनारे, घने जगल और चारों ओर फैली हरियाली से सराबोर खूबसूरत जगहें हैं, जो किसी का भी मन मोह लेगी। देश में कई ऐसी जगहें भी हैं, जिनके बारे में कम ही लोग जानते हैं। कुछ खूबसूरत जगहें अब तक लोगों की भीड़ से अछूती रही हैं तो कुछ जगहों पर हर साल सैलानियों की भीड़ जुट जाती है। विविधता से भरपूर भारत के इन 10 जगहों की सैर हर किसी को जिंदगी में एक बार तो कर ही लेनी चाहिए।
1. युमथांग वैली, सिक्किम
हिमालय पर्वत श्रृंखला से घिरा युमथांग वैली प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है। यहां की कुदरती खूबसूरती देखकर यकीनन आप इस जगह पर फिदा हो जाएंगे और यहां की खूबसूरत यादें लंबे समय तक आपके जेहन में ताज़ा रहेंगी। पेड़ों से ढंके पहाड़, साफ-निर्मल नदी, फूलों की ढेर सारी किस्में आपको यहां दिख जाएंगी। प्रकृति प्रेमियों के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
2. अंडमान और निकोबार द्वीप
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह एक अनसुलझी पहेली की तरह है। अंडमान-निकोबार बंगाल की खाड़ी तक बड़े पैमाने पर फैला हुआ है। 500 से भी ज़्यादा द्वीपों वाले अंडमान-निकोबार में आपको वनस्पति और जीवों की ढेरों प्रजाति मिल जाएगी। देश के इस सबसे खूबसूरत द्वीप को देखने हर साल सैलानियों की भीड़ जुटती है। यहां का हर द्वीप अपने आप में अलग और बहुत खास है। शहर की भागदौड़ भरी ज़िंदगी से कुछ दिनों का सुकून चाहिए तो परिवार के साथ एक बार इस द्वीप की यात्रा ज़रूर करिए।
3. नंदा देवी नेशनल पार्क, उत्तराखंड
नंदा देवी नेशनल पार्क को यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है। देश की दूसरी सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखला नंदा देवी से घिरे इस राष्ट्रीय उद्यान की खूबसूरती देखते ही बनती है। बर्फ से ढंके पहाड़, ढेर सारे खूबसूरत फूल और सुहाना मौसम यहां आने वालों को एक सुकून का एहसास देता है। इसे फूलों की घाटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां आपको वनस्पति और जीवों की ढेरों प्रजाति देखने को मिलेगी।
4. लेह-लद्दाख
ऊंचाई पर बसे लेह-लद्दाख की सैर आपके जीवन की यादगार यात्राओं में से एक हो सकती है। साफ वातावरण, ऊंचे-ऊंचे बर्फ से ढंके पहाड़, खूबसूरत मठ और साफ पानी की झीलें देखकर आपको अपनी आंखों पर यकीन नहीं होगा कि इतनी सुंदर जगह अपने ही देश में मौजूद है। रोमांच के शौकीनों के लिए लेह-लद्दाख बेहतरीन जगह है। यहां आप ट्रेकिंग का आनंद ले सकते हैं।
5. रण ऑफ कच्छ, गुजरात
गुजरात के कच्छ में दुनिया का सबसे बड़ा नमक का रेगिस्तान हैं जिसे रण ऑफ कच्छ के नाम से जाना जाता है। यहां से सूर्यास्त का नज़ारा बहुत खूबसूरत दिखता है। चांद की रोशनी में रेगिस्तान में फैला नमक चांदी की तरह चमकता है। मॉनसून में जब ये रेगिस्तान पानी से भर जाता है, तब इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। हर साल सर्दी के मौसम में यहां रण उत्सव मनाया जाता है, जिसे देखने के लिए देश के कोने-कोने से लोग यहां इकट्ठा होते हैं।
6. मुन्नार के चाय बगान, केरल
अंग्रेज़ी हुकूमत के समय मुन्नार ब्रिटिश सरकार का समर रिसॉर्ट हुआ करता था। मुन्नार बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है और ये भारत के सबसे सुंदर जगहों में से एक है। सुंदर प्राकृतिक नज़ारे, आकर्षक चाय बगान और ढेर सारी वनस्पतियों की वैरायटी इस जगह को बेस्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाती है।
7. होगेनक्कल फॉल्स, तमिलनाडू
इसे भारत का नियाग्रा फॉल्स भी कहा जाता है। ये भारत की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। घने जंगलों से घिरा ये जलप्रपात (फॉल्स) बेहद आकर्षक लगता है। कावेरी नदी की वजह से बीच-बीच में बने पत्थर इसे और खूबसूरत बनाते हैं। झरने के पानी के गिरने की कुदरती आवाज़ आपको रोमांच से भर देगी।
8. कश्मीर घाटी
मशहूर फारसी कवि अमीर खुसरो ने कश्मीर के बारे में कहा था, ‘धरती पर यदि कहीं स्वर्ग है तो यही हैं, यही है, यही है।’ कश्मीर की खूबसूरती के बारे में कुछ कहने की ज़रूरत नहीं है, हर कोई इससे भली-भांति परिचित है। पहलगाम, गुलमर्ग और श्रीनगर कश्मीर की सबसे सुंदर जगहों मे से एक हैं।
9. चेरापूंजी, मेघालय
देश में सबसे ज़्यादा बारिश वाला स्थान है चेरापूंजी और ये बहुत खूबसूरत है। इसे प्राकृतिक मणि भी कहा जाता है। मॉनसून लवर्स के लिए ये बेहतरीन जगह है। यहां लिविंग रूट ब्रिज है। यानी पेड़ की शाखों से बना ब्रिज। ऐसा ब्रिज आपको पूरे देश में कहीं और नहीं मिलेगा।
10. जैसलमेर के रेतीले टीले
जैसलमेर रेत के टीलों के लिए मशहूर है। रेत पर ऊंट की सफारी का आनंद लेना चाहते हैं तो एक बार जैसलमेर जरूर जाएं। इसके साथ ही यहां आपको गांव की रंग-बिरंगी खूबसूरती भी दिखेगी।
The post भारत के इन 10 खूबसूरत जगहों की सैर के बिना अधूरी है जिन्दगी, एक बार जरूर जाएं appeared first on TopYaps.